राजनीति छोड़ने पर पति स्वराज ने कहा- सुषमा जी, आपके पीछे भागते-भागते बहुत थक गया…देश की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अब हमारे बीच नहीं रहीं। उन्होंने मंगलवार (6 अगस्त) देर रात अंतिम सांस ली। वह 67 वर्ष की थीं। बताया जा रहा है कि अचानक दिल का दौरा पड़ने से सुषमा स्वराज की तबीयत काफी बिगड़ गई। एम्स दिल्ली के डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। बता दें कि नवंबर 2018 में सुषमा स्वराज ने राजनीति से संन्यास ले लिया था। उस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश के इंदौर में लोकसभा चुनाव 2019 नहीं लड़ने की घोषणा की थी। सुषमा के इस अनाउंसमेंट का उनके पति स्वराज कौशल ने स्वागत किया था। साथ ही, कहा था कि धन्यवाद सुषमा जी, मैं आपके पीछे भागते-भागते थक गया था।
नवंबर 2018 चल रहा था। देश में लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियां जोरों पर थीं। बीजेपी की कद्दावर नेता सुषमा स्वराज ने अचानक ऐसा ऐलान कर दिया, जिससे भगवा पार्टी के साथ-साथ विपक्षी दल भी हैरान रह गए थे। सुषमा स्वराज ने घोषणा की थी कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगी। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला दिया था।
सुषमा स्वराज के इस फैसले से हर कोई हैरान था। हालांकि, एक शख्स ऐसा भी था, जिन्होंने उनके इस फैसले पर खुशी जताई थी। वह थे सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल। उस वक्त स्वराज कौशल ने कहा था, ‘‘आपके इस फैसले के लिए धन्यवाद। मुझे वह वक्त याद आ गया, जब मिल्खा सिंह ने दौड़ना बंद कर दिया था। आपकी मैराथन 1977 में शुरू हुई थी, जिसे 41 साल हो चुके हैं। आपने 1977 से अब तक सभी चुनावों में हिस्सा लिया। हालांकि, दो बार 1991 और 2004 में पार्टी ने आपको चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं दी थी। आपने लोकसभा के 4 कार्यकाल, राज्यसभा के 3 कार्यकाल पूरे किए। इनके अलावा 3 बार विधानसभा में भी चुनी गईं। जब आप 25 साल की थीं, तब से चुनाव लड़ रही हैं। मैडम, मैं पिछले 46 साल से आपके पीछे भाग रहा हूं। अब मैं 19 साल का नहीं हूं। अब मैं थक गया हूं। आपके इस फैसले के लिए धन्यवाद।’’
बता दें कि सुषमा स्वराज ने अपना पहला चुनाव हरियाणा की अंबाला विधानसभा सीट से लड़ा था और जीत दर्ज की थी। वह उस वक्त विधानसभा चुनाव जीतने व कैबिनेट मंत्री बनने वाली सबसे युवा नेता थीं।