साल 2017 आईसीसी का महिला विश्वकप। भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच खेला जा रहा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने भारत को 184 रनों का लक्ष्य दिया। भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने आईं स्मृति मंधाना और पूनम राउत। राउत 0 पर पवैलियन लौट गईं। मंधाना के क्रीज पर रहते हुए जल्दी-जल्दी 2 विकेट गिर चुके थे फिर आईं कप्तान मिताली राज। मिताली राज के साथ मिलकर मंधाना ने भारत को जीत की ओर बढ़ाया। मंधाना उस मैच में भारतीय महिला टीम की वन मैन आर्मी बन गईं थी। शानदार 13 चौकों और 2 छक्कों की मदद से मंधाना के बल्ले से शतक आया। भारत मैच 7 विकेट से जीत गया और मैच में शतक लगाकर स्मृति मंधाना वर्ल्डकप में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाली महिला क्रिकेटर बन गई। आज Smriti Mandhana का जन्मदिन है।
चोट से उभरी और विश्वकप 2017 में सितारे की तरह चमक गई मंधाना-
पांच महीने से चोट से जूझ रही स्मृति मंधाना रोज यही सोचती रहती थी कि विश्वकप 2017 से पहले वो ठीक हो जाएं। मंधाना फिट हुईं और भारतीय महिला टीम में शामिल होकर विश्वकप खेलने पहुंच गई। वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार शतक जड़कर मंधाना ने अपना असली रूप दिखा दिया। विश्वकप के उस मैच में स्मृति मंधाना को वुमेन ऑफ द मैच चुना गया था। स्मृति मंधाना ने एक इंटरव्यू में कहा था विश्वकप 2017 से पहले जब भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बात होती थी तो लोग झूलन गोस्वामी और मिताली राज की बात करते थे लेकिन 2017 के विश्वकप के बाद लोग हमारी बातें भी करने लगे थे।
आज ही के दिन जन्मी थी विश्व की नंबर 1 वनडे महिला क्रिकेटर-
मुंबई में 18 जुलाई 1996 को जन्मी स्मृति मंधाना ने 5 साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरु कर दिया था। मुंबई में ही Smriti Mandhana ने क्रिकेट सीखने की शुरुआत की थी। सबसे पहले कोच हडकर ने उन्हें क्रिकेट सिखाया। मंधाना 11 की उम्र में भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में शामिल हो गई थी। मंधाना ने 9 वर्ष की उम्र से ही ओपनिंग करनी शुरु कर दी थी और वो आज भी भारतीय महिला टीम के लिए ओपनिंग कर रही हैं।
मंगलवार को स्मृति मंधाना को खेल मंत्री किरण रिजिजू ने अर्जुन पुरस्कार दिया-
मंगलवार को केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने स्टार महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया। अर्जुन अवार्ड की शुरुआत साल 1961 में हुई थी। अर्जुन अवार्ड की इनामी राशि 5 लाख रुपए है। इस अवार्ड में प्रतिकात्मक ट्रॉफी और सर्टिफिकेट दिया जाता है। 18 जुलाई को Smriti Mandhana का जन्मदिन है। जन्मदिन से ठीक पहले उन्हें अर्जुन अवार्ड जैसे बड़े अवार्ड से सम्मानित किया गया है।